भदोही 05 जनवरी 2026/
शासन के निर्देश तथा जिलाधिकारी शैलेष कुमार के आदेश के क्रम में जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र–1 रजनीश कुमार पाण्डेय,आबकारी निरीक्षक क्षेत्र–2 रोहित कुमार व आबकारी निरीक्षक औराई अनिल कुमार सूर्यभान द्वारा मय स्टाफ द्वारा औराई व केवटाही स्थित विभिन्न ईंट-भट्ठों पर सघन दबिश दी गई। दबिश के दौरान अवैध मदिरा के निर्माण अथवा संग्रहण से संबंधित गतिविधियों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण में कोई अवैध गतिविधि नहीं पाई गई, तथापि संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त न होने की कड़ी चेतावनी दी गई। इसके उपरांत लालानगर टोल प्लाजा पर वाहनों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान वाहनों की चेकिंग कर मदिरा के अवैध परिवहन की संभावना को परखा गया। तलाशी अभियान के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
इसके अतिरिक्त कंपोजिट शॉप उगापुर, देसी शराब दुकान भरतपुर (औराई) व केवटाही का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पी.ओ.एस. मशीन के माध्यम से स्कैनिंग कर बिक्री व्यवस्था की जांच की गई। उपलब्ध मदिरा स्टॉक का मौके पर भौतिक सत्यापन किया गया तथा क्यूआर कोड के माध्यम से स्टॉक का मिलान किया गया, जो नियमानुसार सही पाया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रेता को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप ही दुकान संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती के साथ जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध मदिरा से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल प्रशासन अथवा आबकारी विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।











Users Today : 147
Users This Year : 23938
Total Users : 36531
Views Today : 314
Total views : 71811