भदोही 02 जनवरी 2026/
कड़ाके की ठंड, घना कोहरा एवं शीतलहर से आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शासन के मंशानुरूप तथा जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश के क्रम में जनपद के समस्त तहसील क्षेत्रों में शासकीय कंबलों का वितरण निरंतर किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित, गरीब, असहाय एवं बेसहारा व्यक्तियों को ठंड से राहत प्रदान करना है।
इसी क्रम में तहसील औराई के अंतर्गत ग्राम पंचायत उगापुर में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार औराई सुनील कुमार द्वारा पात्र व जरूरतमंद व्यक्तियों को शासकीय कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तहसीलदार औराई ने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि शीतलहर के दौरान कोई भी जरूरतमंद ठंड से प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर सर्वे कर वास्तविक जरूरतमंदों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
कंबल वितरण के दौरान स्थानीय प्रशासन, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, लेखपाल एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि शीतलहर की अवधि तक कंबल वितरण सहित अलाव, रैन बसेरा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर की जाती रहेंगी, ताकि जनपद के प्रत्येक जरूरतमंद को समय से राहत मिल सके।
रिपोर्ट – फारूक जाफरी








Users Today : 24
Users This Year : 15591
Total Users : 28184
Views Today : 33
Total views : 55941