काशी की तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने शहर के हृदय स्थल हड़हासराय में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब आठ बिस्वा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया।
महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के सख्त निर्देश पर निगम की टीम ने यह कार्रवाई की सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने न केवल जमीन खाली कराई। साथ ही बाउंड्री वॉल का निर्माण भी शुरू करा दिया। निगम शहर के मध्य इस जमीन का उपयोग पार्किंग के रूप में करने पर विचार कर रहा है ताकि, क्षेत्रीय दुकानदारों व ग्राहकों को अपने वाहन खड़े करने के लिए सुरक्षित स्थान मिल सकेगा।

इस जमीन की बाजार कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये है। इसी प्रकार सारनाथ स्टेशन के पीछे भीटे की जमीन पर अवैध कब्जा भी निगम ने हटवाया । इस जमीन पर कुछ लोग दीवार खड़ी कर रह कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे । निगम की टीम ने निर्माणाधीन दीवार को ध्वस्त करा दिया ।
सहायक नगर आयुक्त अनुसार, यह अभियान पिछले दो वर्षों से निरंतर जारी है। अब तक शहर विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1140 बिस्वा सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है। मुक्त कराई गई इन जमीनों की कुल बाजार दर करीब 58 अरब रुपये आंकी गई है। निगम प्रशासन इन जमीनों का उपयोग जनसुविधाओं और राजस्व बढ़ाने के प्रोजेक्ट्स में करने की योजना बना रहा है।
सड़क पर पार्किंग करने वाले मॉल और स्कूलों पर कसेगा शिकंजा, माल व स्कूल को नोटिस जमीन खाली कराने के साथ ही निगम ने सड़कों पर होने वाले अतिक्रमण के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बुधवार को सिगरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान आईपी मॉल, जुडियो शोरूम और डालिम्स सनबीम स्कूल को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया गया।
निगम की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि संस्थान अपने आगंतुकों और छात्रों के वाहनों की पार्किंग परिसर के भीतर सुनिश्चित करें। यदि भविष्य में इन संस्थानों के बाहर सड़क या फुटपाथ पर वाहन खड़े पाए गए, तो न केवल भारी अर्थदंड वसूला जाएगा, बल्कि संबंधित संस्थान के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कराया जाएगा।











Users Today : 5
Users This Year : 6245
Total Users : 18838
Views Today : 7
Total views : 37232