चन्दौली डीडीयू
नगर पालिका क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने बिना लाइसेंस संचालित हो रही चिकन-मटन की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) अनुपम मिश्रा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजीव मोहन सक्सेना ने पुलिस बल के साथ मिलकर लगभग आधा दर्जन दुकानों को सील कर दिया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बगैर वैध लाइसेंस के कोई भी दुकान संचालित नहीं की जाएगी। एसडीएम मिश्रा ने बताया कि जिनके पास वैध लाइसेंस होगा, उन्हें कोई समस्या नहीं होगी, लेकिन बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस सख्त रुख से कस्बे में दुकानदार सकते में आ गए। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे साफ-सफाई और सार्वजनिक व्यवस्था में सुधार होगा।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि नगर के कसाब महाल, काली महाल और जीटी रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे मीट की अवैध दुकानें चल रही थीं। इन दुकानों से न केवल साफ-सफाई की स्थिति खराब हो रही थी, बल्कि यातायात और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से लाइसेंस संबंधी जानकारी मांगी गई, और जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं मिले, उनकी दुकानें तत्काल प्रभाव से सील कर दी गईं। वहीं, कुछ दुकानदारों ने शिकायत की कि उन्हें लाइसेंस प्राप्त करने में कठिनाई होती है, जिसके कारण वे बिना लाइसेंस के दुकान चलाने को मजबूर हैं। उन्होंने अपनी दुकानें बंद होने के बाद रोजगार की समस्या उत्पन्न होने की बात भी कही।










Users Today : 37
Users This Year : 10695
Total Users : 23288
Views Today : 48
Total views : 45709