चन्दौली डीडीयू नगर। नारायणा गांव में पानी निकासी की समस्या गंभीर हो गई है। गांव में बिछाई गई सीवर लाइन अब खुद एक समस्या बन गई है, जिसके कारण बारिश और घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार की लापरवाही को इसका मुख्य कारण बताया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक छोर से दूसरे छोर तक सीवर लाइन तो बिछाई गई है, लेकिन इसकी ढाल और निकासी की दिशा सही न होने के कारण पानी का जमाव होता है। इससे सड़कों पर जलभराव, बदबू और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है।
ग्राम प्रधान गुलाब ने बताया कि यह सीवर कार्य सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के कार्यकाल में शुरू हुआ था। कार्य की जिम्मेदारी ब्लॉक प्रमुख के माध्यम से बीडीसी को दी गई थी, जिसने इसे एक ठेकेदार को सौंपा था। प्रधान के अनुसार, ठेकेदार की लापरवाही के कारण कार्य अधूरा और गुणवत्ताहीन रह गया।
प्रधान गुलाब ने इस समस्या को लेकर विधायक रमेश जायसवाल से भी वार्ता की है। विधायक ने आश्वासन दिया है कि एक से दो महीने के भीतर सीवर निकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा और संबंधित सड़कों की मरम्मत भी की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो। इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को भी एक पत्र सौंपा गया है, जिसमें जल्द समाधान की उम्मीद जताई गई है।

रिपोर्ट अलीम हाशमी











Users Today : 3
Users This Year : 17444
Total Users : 30037
Views Today : 3
Total views : 59521