रीवा। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत रीवा पुलिस ने बुधवार को शहर में विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह ने किया।
पुलिस कंट्रोल रूम से हुई शुरुआत
रैली का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम रीवा से किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, शहर के सभी थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
रैली के दौरान समाजसेवी संस्थाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। नागरिकों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
SP ने कहा – ये जनआंदोलन है
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने कहा कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने का जनआंदोलन है। युवाओं को नशे जैसी बुराई से बचाकर शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। रैली में सम्मिलित पुलिस बल एवं आमजन को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
आगे भी चलेंगे कार्यक्रम
रीवा पुलिस द्वारा अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। रीवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे को “ना” कहें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।











Users Today : 21
Users This Year : 23632
Total Users : 36225
Views Today : 26
Total views : 71129