लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के 29 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति मिल गई है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) की अधिसूचना जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के नियुक्ति विभाग ने भी मंगलवार देर रात प्रमोशन के आदेश जारी कर दिए। माना जा रहा है कि अब इन नए आईएएस अधिकारियों को जल्द ही महत्वपूर्ण जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तस्वीर साफ हो सकती है।
दिल्ली में हुई DPC बैठक के बाद मिली हरी झंडी
आईएएस पदोन्नति को लेकर 10 जून को नई दिल्ली में विभागीय प्रमोशन कमेटी (DPC) की बैठक हुई थी। इसमें वर्ष 2010, 2011 और 2012 बैच के पीसीएस अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड का मूल्यांकन किया गया। बैठक के बाद DOPT ने 29 अधिकारियों को आईएएस कैडर में पदोन्नति की मंजूरी दे दी।
इन 29 अधिकारियों को मिला IAS बनने का गौरव
प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कनौजिया, पुष्प राज सिंह, संजय कुमार सिंह, राज कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल, सुशीला, आलोक कुमार, वैभव मिश्रा, विवेक श्रीवास्तव, योगानंद पांडेय, प्रदीप कुमार यादव, अमित कुमार, पूनम निगम, डॉ. नितिन मदान, हर्ष देव पांडेय, शैलेन्द्र कुमार सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, संतोष बहादुर सिंह, पंकज वर्मा, विजय कुमार सिंह, अतुल कुमार, अमित सिंह, प्रियंका सिंह, अमित कुमार, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार और राकेश कुमार सिंह शामिल हैं।
योगी सरकार जल्द कर सकती है नई तैनाती
सूत्रों के अनुसार पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों को जल्द ही विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना है।
चार अधिकारियों का प्रमोशन फिर अटका
जहां 29 अधिकारियों को आईएएस बनने का मौका मिला, वहीं हरीश चंद्रा, अंजू कटियार, अमर पाल और प्रभुनाथ का प्रमोशन इस बार भी नहीं हो सका। इनके मामलों में सीलबंद लिफाफा (Sealed Cover Procedure) के तहत जांच लंबित होने के कारण निर्णय टाल दिया गया है।
यूपी प्रशासन को मिलेगी नई ताकत
29 नए आईएएस अधिकारियों के शामिल होने से उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में जिलों और विभागों में बड़े स्तर पर तबादले और नई तैनातियां देखने को मिल सकती हैं।











Users Today : 115
Users This Year : 23906
Total Users : 36499
Views Today : 270
Total views : 71767