मीरजापुर, 30 जून ।
थाना कछवां क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अनावरण कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को लूट के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वादी अजय केशरी पुत्र स्व. अलबेले, निवासी कछवां बाजार ने 28 जून को तहरीर दी थी। वह शाम लगभग आठ बजे जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। सबेसर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में थाना कछवां में मु.अ.सं. 145/2026 धारा 309(4), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

मुखबिर की सूचना पर 29 जून को थाना कछवां व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। दामोदरपुर बस्ती, बहद ग्राम मझवां के पास से दो अभियुक्तों को अपाचे मोटरसाइकिल पर पकड़ा गया। तीसरे अभियुक्त को ग्राम धनैता मार्ग पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
1. गणेश प्रताप सिंह, उम्र 26 वर्ष, पुत्र स्व. पारसनाथ सिंह, निवासी बगहा, थाना चुनार, मीरजापुर 2. अमन दुबे, उम्र 20 वर्ष, पुत्र स्व. राधेश्याम दुबे, निवासी ककरा पार, थाना जहांगीरगंज, अंबेडकरनगर 3. कपिल यादव, उम्र 20 वर्ष, पुत्र बाबूलाल यादव, निवासी मझवां, थाना कछवां, मीरजापुर |
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट के पांच अदद पायल सफेद धातु, दो अदद टॉप्स पीली धातु, एक अदद लॉकेट पीली धातु, एक मोबाइल फोन बरामद किया। अभियुक्त अमन दुबे के पास से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पूछताछ में अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात गणेश प्रताप सिंह से अंबेडकरनगर जेल में हुई थी। वहीं से दोनों में दोस्ती हुई। गणेश के बुलाने पर वह मीरजापुर आया, जहां कपिल यादव से संपर्क हुआ और तीनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।










Users Today : 69
Users This Year : 18656
Total Users : 31249
Views Today : 153
Total views : 62146