वाराणसी।
कैदियों को मानसिक तनाव से मुक्त रखने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार के खेल मैदान में एक बेहद रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। यह मुकाबला परफेक्ट मिशन एकादश और केंद्रीय कारागार एकादश के बीच हुआ, जिसमें परफेक्ट मिशन की टीम ने अपने शानदार खेल के दम पर जीत का परचम लहराया। धुआंधार बल्लेबाजी करने वाले परफेक्ट मिशन के रामकरन यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी से नवाजा गया। रामकरन के लगातार चार छक्कों ने खेल का पासा पलट दिया।
टॉस जीतकर परफेक्ट मिशन एकादश के कप्तान मनीष दीक्षित ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। केंद्रीय कारागार की तरफ से प्रखर मिश्रा (23 रन) और लक्ष्मीशंकर यादव ने पारी की शुरुआत की। परफेक्ट मिशन के गेंदबाज विकास यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में महज 9 रन देकर 3 विकेट झटके और जेल टीम पर दबाव बना दिया।
इसके बाद जेल वार्डर प्रेमचन्द्र मौर्या ने मोर्चा संभाला और सूझबूझ से खेलते हुए टीम के स्कोर को निर्धारित 12 ओवरों में 89 रन तक पहुंचाया। 90 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी परफेक्ट मिशन की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। रामकरन यादव ने जेल टीम के प्रमुख गेंदबाज शिखर मिश्रा की लगातार 4 गेंदों पर 4 गगनचुंबी छक्के जड़कर मैच को एकतरफा कर दिया।
रामकरन ने मात्र 17 गेंदों पर 45 रनों (6 छक्के, 1 चौका) की आतिशी पारी खेली। दूसरी ओर कप्तान मनीष दीक्षित भी पिच पर चट्टान की तरह डटे रहे और टीम ने 10वें ओवर में ही 8 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मैच के समापन पर दोनों टीमों की हौसला अफजाई करते हुए केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने कहा
कि कारागार प्रशासन का यह निरंतर प्रयास रहता है
कि जेल में निरुद्ध बंदियों के एकाकी जीवन में समरसता लाई जाए। समय-समय पर खेलकूद और मनोरंजक कार्यक्रमों के आयोजन से बंदियों को मानसिक तनाव और अवसाद से दूर रखने में बड़ी मदद मिलती है। इससे पहले मैच की शुरुआत वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र और दैनिक परफेक्ट मिशन के समाचार संपादक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और उनका उत्साहवर्धन करके किया था।
जीत के बाद परफेक्ट मिशन के प्रधान संपादक व कप्तान मनीष दीक्षित ने भी अपनी टीम को बधाई दी। वहीं परफेक्ट मिशन की शानदार जीत पर दैनिक परफेक्ट मिशन के कार्यकारी संपादक व पीपीसी के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक ने भी सभी खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए जीत की बधाई दी और निरंतर ऐसे ही परफेक्ट मिशन के बेहतर प्रदर्शन हेतू शुभकामनायें दिया।
इस मौके पर जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, परफेक्ट मिशन के डिजिटल हेड ऋषिकेश पाण्डेय, प्रबंधक पुष्कर दीक्षित, वरिष्ठ पत्रकार आनंद तिवारी, रवि प्रकाश वाजपेई, शशांक सिंह, आकाश सरोज, राहुल पाण्डेय, ऋतुराज उपाध्याय, आयुष दीक्षित, सत्यम दूबे, अमन पाण्डेय सहित कारागार के कई अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में पत्रकार गण मौजूद रहे।
परफेक्ट मिशन एकादश टीम में मनीष दीक्षित (कप्तान), भानु प्रताप सिंह आशीष तिवारी, विकास यादव, रामकरन यादव, शिवम पटेल, शशांक मिश्रा, राहुल शर्मा, सुभाष विश्वकर्मा, देवांग सिंह, प्रवीण तिवारी शामिल रहे। वहीं केंद्रीय कारागार एकादश टीम में धर्मेन्द्र यादव, प्रखर मिश्रा, शिखर मिश्रा, लक्ष्मीशंकर यादव, शिवशंकर, प्रेमचन्द्र मौर्या, धनंजय सिंह, मोईन कालिया, रंजीत, अवधेश, चन्दन यादव की भागीदारी रही।











Users Today : 21
Users This Year : 24371
Total Users : 36964
Views Today : 26
Total views : 72659