प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को प्रयागराज के सर्किट हाउस सभागार में ऊर्जा विभाग, नगर विकास विभाग और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक में मंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बिजली से संबंधित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वीकृत या निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर विकास एवं विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि आगामी माघ मेले से पहले सभी प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों में तेजी लाने, महाकुंभ से पूर्व विकसित किए गए प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण का पुनः निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नालों की समयबद्ध सफाई कर जलभराव की समस्या से राहत दिलाने पर जोर दिया। साथ ही हनुमान मंदिर कॉरिडोर के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने और मेला क्षेत्र के किनारे स्थापित स्ट्रीट लाइटों को आवश्यकता वाले स्थानों पर यथावत बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।
मंत्री ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने फ्लाईओवर के नीचे बनाई जा रही सड़क का कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों और जनसुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक परियोजना गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरी की जाएगी।
बैठक में महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा पदाधिकारी, नगर आयुक्त साईं तेजा, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











Users Today : 37
Users This Year : 18133
Total Users : 30726
Views Today : 150
Total views : 61067