99.6% अंकों के साथ नया कीर्तिमान: सनबीम स्कूल मुगलसराय के शशांक कुमार मौर्या बने साइंस के नेशनल टॉपर

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली पड़ाव।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 22 जून 2026 को घोषित कक्षा 12 के पुनर्मूल्यांकन परीक्षा परिणाम में दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक क्षमता का परिचय देते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। पुनर्मूल्यांकन के उपरांत विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के अंकों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष, गर्व और उत्साह का वातावरण व्याप्त है।

विज्ञान संकाय (गणित वर्ग) के मेधावी छात्र शशांक कुमार मौर्या 99 प्रतिशत के साथ जिला टॉपर थे अब पुनर्मूल्यांकन के बाद 99.6 प्रतिशत अंक वृद्धि से आल इंडिया साइंस स्ट्रीम टॉपर बन गए है। यह उपलब्धि न केवल उनकी असाधारण प्रतिभा और अथक परिश्रम का परिणाम है,

बल्कि यह विद्यालय में प्रदान की जाने वाली उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था और सतत मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। शशांक मौर्या ने पुनः सिद्ध किया है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।

इसी क्रम में विज्ञान संकाय (जीव विज्ञान वर्ग) की डिस्ट्रिक्ट सेकेंड टॉपर छात्रा हबीबा इमादी के अंक 97.8 प्रतिशत से बढ़कर 98.2 प्रतिशत हो गए हैं। वहीं मानविकी संकाय के छात्र फ़हद खान ने भी पुनर्मूल्यांकन के बाद अपने अंकों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कराते हुए 95.2 प्रतिशत अंक से 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

इन सभी विद्यार्थियों की उपलब्धि यह दर्शाती है कि सही प्रयास और अपनी क्षमता पर विश्वास रखने वाले विद्यार्थियों को न्याय अवश्य मिलता है। इन परिणामों ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि सनबीम स्कूल मुगलसराय केवल परीक्षा परिणामों में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाला संस्थान ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास,

गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से उन्हें उनकी सर्वोत्तम क्षमता तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है। विद्यालय की यह उपलब्धि समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों के अथक परिश्रम तथा अभिभावकों के सतत सहयोग का सामूहिक परिणाम है।

सफलता के इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती श्वेता कानूडिया ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा – कि हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि ईमानदार प्रयास, धैर्य और सकारात्मक सोच का प्रतिफल सदैव उत्कृष्ट होता है।

पुनर्मूल्यांकन में प्राप्त यह सफलता न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करेगी, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने की प्रेरणा देगी। हमें अपने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों पर गर्व है, जिन्होंने इस सफलता को संभव बनाया।

उपलब्धि के इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सौमिता चटर्जी ने कहा – कि हम सदैव विद्यार्थियों को उनकी वास्तविक क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। पुनर्मूल्यांकन परिणाम में अंकों की यह वृद्धि उनकी मेहनत और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है। यह सफलता सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी कि ईमानदार प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाते।

इस अवसर पर विद्यालय के डीन यू.बी. राय, उप- प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह , को-ऑर्डिनेटर राजेश सिन्हा, एकेडमिक हेड साधना सिंह, पैरेलल करिकुलम हेड डॉ. गुंजन सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

रिपोर्ट अलीम हाश्मी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई