चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय),
शुक्रवार बदलते मौसम और बढ़ती उमस का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने बताया कि वर्तमान समय में प्रतिदिन लगभग 400 से 500 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज श्वसन तंत्र से जुड़ी बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल फीवर से पीड़ित हैं। इसके अलावा गर्मी और उमस के कारण त्वचा संबंधी रोगों के मामलों में भी तेजी से वृद्धि हुई है। अस्पताल में आने वाले मरीजों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक देखी जा रही है।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि मौसम परिवर्तन का समय संक्रमण फैलने के लिए बेहद संवेदनशील होता है। इस दौरान लोग आसानी से विभिन्न संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लोगों को सलाह देते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो टोपी, छाता तथा धूप का चश्मा अवश्य प्रयोग करें। साथ ही शरीर को गर्मी से सुरक्षित रखने के लिए पूरी आस्तीन वाले सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करते रहें।
चिकित्सा अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी या त्वचा संबंधी समस्या होने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें, ताकि बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सके।











Users Today : 20
Users This Year : 17461
Total Users : 30054
Views Today : 104
Total views : 59622