घोड़ासहन, पूर्वी चम्पारण, 14 जून
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू कॉलेज, घोड़ासहन परिसर में रोटरी क्लब घोड़ासहन, रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी चम्पारण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, सहयोग शिविर एवं लोक शिकायत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, जीविका दीदियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी चम्पारण के पदेन अध्यक्ष सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र भारती ने अपने प्रेरणादायी एवं संवादात्मक संबोधन में कहा कि विकसित बिहार के निर्माण के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल उनका क्रियान्वयन नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। यदि किसी कारणवश किसी नागरिक को समय पर सरकारी सहायता, सेवा अथवा योजना का लाभ प्राप्त नहीं हो पाता है, तो उसके समाधान के लिए सहयोग शिविर एवं लोक शिकायत निवारण व्यवस्था जैसे प्रभावी मंच उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता लोगों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। सहयोग शिविरों का उद्देश्य दोषारोपण नहीं बल्कि समस्याओं का समाधान, व्यवस्था में सुधार तथा जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है। कार्यक्रम को संवादात्मक स्वरूप देते हुए भारती ने उपस्थित जीविका दीदियों एवं नागरिकों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा की तथा उनकी जानकारी का परीक्षण किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों के बीच सरकारी योजनाओं, अधिकारों एवं सेवाओं के प्रति जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर के संबंध में श्री भारती ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी चम्पारण द्वारा जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन एवं विशेष पहल से आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक महादानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लगभग 200 से अधिक रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. दिव्यांदीप, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एल.बी. प्रसाद, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग अमर, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार तथा नेत्रिका फाउंडेशन के तत्वावधान में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने रोगियों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग, दंत रोग एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उठाया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी घोड़ासहन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, जीविका के पदाधिकारीगण तथा अंचल एवं प्रखंड प्रशासन के अन्य कर्मियों की उपस्थिति रही। विशेष रूप से 100 से अधिक जीविका दीदियों की सक्रिय सहभागिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिवार की ओर से श्री शैलेन्द्र भारती का सम्मान किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रोफेसर संत साह ने उन्हें उनकी रचित पुस्तक “सुगौली का इतिहास” सहित कॉलेज एवं क्षेत्रीय इतिहास से संबंधित पुस्तकों का सेट भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रोटरी क्लब घोड़ासहन के अध्यक्ष श्री रंजीत अग्रवाल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, जीविका दीदियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और मानवीय सहयोग के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
रोटरी क्लब मोतिहारी के अध्यक्ष श्री अभिमन्यु जी ने रक्तदान करने वाले सभी महादानियों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है और समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से रक्तदान अभियान से जुड़कर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला प्रशासन, रेड क्रॉस सोसाइटी, रोटरी क्लब, नेत्रिका फाउंडेशन, चिकित्सकों, जीविका समूहों, जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिवार एवं स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उपस्थित लोगों ने ऐसे कार्यक्रमों को जनस्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता एवं सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इनके नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
रिपोर्ट – अमरजीत सिंह










Users Today : 61
Users This Year : 16904
Total Users : 29497
Views Today : 157
Total views : 58512