चन्दौली चहनियां,
खोनपुर गांव के पास शनिवार को सैकड़ों किसानों ने एकजुट होकर बंधी डिवीजन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने विभाग के कथित ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए “बंधी डिवीजन मुर्दाबाद” के नारे लगाए और जल्द से जल्द ड्रेन की खुदाई व साफ-सफाई कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि बंधी डिवीजन के अंतर्गत खोनपुर वाया सुरतापुर ड्रेन की पिछले लगभग 10 वर्षों से न तो खुदाई हुई है और न ही नियमित साफ-सफाई कराई गई है। इसके कारण जल निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है और खेती-किसानी पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्रेन की सफाई और खुदाई के लिए टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं कराया गया, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ड्रेन की सफाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान खेतों में जलभराव हो जाएगा और हजारों किसानों की फसल प्रभावित होगी।
ग्रामीणों के अनुसार इस ड्रेन से जुड़े क्षेत्र के करीब दो हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि जल निकासी की समस्या के चलते कई किसानों की धान की नर्सरी तक अभी नहीं पड़ पाई है, जिससे खरीफ सीजन की खेती संकट में पड़ गई है। यह ड्रेन भुपौली नहर से सटा हुआ है, इसलिए इसकी नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। यदि मानसून से पहले इसकी खुदाई और साफ-सफाई नहीं कराई गई तो खेतों में पानी भरने से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ड्रेन की खुदाई और साफ-सफाई का कार्य शुरू नहीं किया गया तो हजारों किसान जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने मांग की कि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्रेन की सफाई और खुदाई का कार्य शुरू कराए, ताकि बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सके और किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान आजाद यादव, मुन्नी राम कोच, फ़क़ीर राम, धनंजय, संजय राय, कन्हैया राय, रामसकल, रामबली, प्रमोद मौर्य, रामजी, मार्कण्डेय प्रसाद, राजेश्वर यादव, सूबेदार और राममूरत सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे ।











Users Today : 61
Users This Year : 16904
Total Users : 29497
Views Today : 160
Total views : 58515