जौनपुर:
बदलापुर तहसील क्षेत्र के महराजगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम केवटली में आबादी की जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी निर्मला देवी ने अपनी 50 वर्ष पुरानी आबादी की जमीन पर अवैध रूप से पट्टा किए जाने तथा मकान व अन्य संरचनाएं तुड़वाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
निर्मला देवी का आरोप है कि गाटा संख्या 340 में उनकी करीब 50 वर्ष पुरानी आबादी है, जहां उनका मड़ई, चरनी, हैंडपंप और मुख्य दरवाजा स्थित है। उनका कहना है कि पूर्व तहसीलदार राकेश कुमार ने लेखपाल के साथ मिलकर उनकी आबादी की जमीन पर कुछ लोगों के पक्ष में अवैध रूप से पट्टा कर दिया। आरोप है कि लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर उनकी मड़ई तुड़वा दी तथा नाद सहित अन्य सामान भी हटवा दिया।
पीड़िता के अनुसार उक्त भूमि से संबंधित विवाद दीवानी न्यायालय, इलाहाबाद उच्च न्यायालय तथा कमिश्नर न्यायालय वाराणसी में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा जमीन पर कब्जा करने और निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायती पत्र में निर्मला देवी ने बताया कि 28 मार्च 2026 को उनके दरवाजे पर एक नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें 2 अप्रैल तक छप्पर हटाने के निर्देश दिए गए थे। ऐसा न करने पर जबरन कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि धनावती पत्नी बृजलाल, शिवकुमारी पत्नी जियालाल तथा आशा पत्नी श्यामलाल सहित कुछ लोग उनकी जमीन पर दीवार का निर्माण करा रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 112 नंबर पर सूचना देने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल रही है।
निर्मला देवी ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में विवादित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने, कथित अवैध कब्जा हटवाने तथा न्यायालय से अंतिम निर्णय आने तक यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।
उधर, इस संबंध में तहसील प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।










Users Today : 6
Users This Year : 23797
Total Users : 36390
Views Today : 6
Total views : 71503