चन्दौली
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा जनपद में आयोजित होने वाले वैवाहिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित किए जाने के दृष्टिगत पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में मैरिज लॉन संचालकों, डीजे संचालकों एवं बैंड संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी संचालकों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों के आयोजन के समय यातायात व्यवस्था प्रभावित न होने पाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मैरिज लॉन संचालकों को अपने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क कराने हेतु वालंटियर/मार्शल की तैनाती करने तथा सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े न होने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन करने, रात्रि 10:00 बजे के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग न करने तथा लेजर लाइटों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि लेजर लाइट सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों की दृश्यता को प्रभावित कर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे उपकरण जब्त करते हुए विधिक कार्यवाही की जाएगी।
बैंड संचालकों को निर्देशित किया गया कि बारात जुलूस सड़क के 1/3 हिस्से से अधिक स्थान घेरकर न चले तथा यातायात सुचारु बनाए रखने हेतु वालंटियरों की व्यवस्था करें। सड़क पर बारात के कारण जाम अथवा यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित बैंड संचालक की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संचालकों से अपील की कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अनन्त चन्द्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, सतीश चन्द्र शुक्ला, समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित संबंधित थाना प्रभारी/प्रभारी निरीक्षक तथा बड़ी संख्या में मैरिज लॉन, डीजे एवं बैंड संचालक उपस्थित रहे।










Users Today : 4
Users This Year : 23795
Total Users : 36388
Views Today : 4
Total views : 71501