चन्दौली डीडीयू नगर
क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 मुगलचक स्थित एक बाउंड्री के भीतर मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते बाउंड्री के अंदर उगी सूखी सरपत और झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सरदार रणजीत सिंह की लगभग एक बीघा जमीन से घिरी बाउंड्री में लगी थी, जिसे स्थानीय लोग रवि प्लाई की बाउंड्री के नाम से भी जानते हैं। दोपहर के समय अचानक आग भड़कने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाउंड्री के अंदर बड़ी मात्रा में सूखी सरपत और झाड़ियां होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
करीब तीन घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की संपत्तियों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।
मौके पर रजनीश कुमार राय, महेंद्र प्रसाद, वीरेंद्र कुंवर, राजेंद्र यादव और कृष्णा कुमारी सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









Users Today : 81
Users This Year : 23777
Total Users : 36370
Views Today : 214
Total views : 71480