ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों आसमान से बरसती आग और तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जलती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच ग्रामीण इलाकों में बिजली की भारी कटौती ने लोगों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। ताजा मामला गंगापुर फीडर का है, जहाँ *बनकट* सहित आस-पास के कई गांवों की बिजली बीती मध्य रात से ही पूरी तरह गोल है। भीषण गर्मी और उमस के कारण बनकट और अन्य प्रभावित गांवों के लोग रात भर छतों और सड़कों पर टहलने को मजबूर रहे और पूरी रात सो नहीं सके।
बिजली न होने के कारण सुबह घरों में पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे इन गांवों में पीने और रोजमर्रा के इस्तेमाल के पानी के लिए हाहाकार मच गया है। इस तपती गर्मी में सबसे बुरा हाल मासूम बच्चों और बुजुर्गों का है। सुबह होने के बाद भी बिजली न आने से ग्रामीणों की मुसीबत दोगुनी हो गई है। दोपहर की जलती गर्मी और तेज धूप में बिना पंखे और कूलर के घरों के भीतर बैठना भी दूभर हो गया है। खेती-किसानी और पशुपालन से जुड़े लोग भी इस संकट से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
गंगापुर फीडर के अंतर्गत आने वाले बनकट सहित दर्जनों गांवों के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में आधी रात से बिजली गायब रखना विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है और जिम्मेदार अधिकारियों को फोन करने पर भी कोई सही जवाब नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो वे पावर हाउस का घेराव करने और आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।










Users Today : 1
Users This Year : 23792
Total Users : 36385
Views Today : 1
Total views : 71498