विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून) के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से स्थानीय गाँधी मैदान में जिला प्रशासन, मोतिहारी एवं भारतीय स्टेट बैंक (SBI), मोतिहारी के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का भव्य आयोजन किया गया। इस बेहद रोमांचक और सद्भावनापूर्ण मुकाबले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी (DM), मोतिहारी ने शिरकत की।
जिलाधिकारी ने खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को अपने हाथों से मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

इस गरिमामयी अवसर पर उप विकास आयुक्त (DDC) एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), वरीय कोषागार पदाधिकारी तथा विजय सामल (महाप्रबंधक, एसबीआई) के साथ स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के पदाधिकारी गण भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों की मौजूदगी में टॉस प्रक्रिया के साथ हुआ। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की टीम ने टॉस जीता और पिच की स्थिति को भांपते हुए पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत टीम ने 5 विकेट खोकर 144 रनों का एक मजबूत और विशाल स्कोर खड़ा किया। रवि शंकर, राज्य कर सहायक आयुक्त ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 28 गेंदों में 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
वही जवाबी पारी मे 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसबीआई की शुरुआत धीमी रही। जिला प्रशासन के गेंदबाजों की नपी-तुली और कसी हुई गेंदबाजी के सामने एसबीआई के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। पूरी टीम निर्धारित 12 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 84 रन ही बना सकी।
इस प्रकार, जिला प्रशासन की टीम ने इस मुकाबले को 60 रनों के बड़े अंतर से जीतकर शानदार विजय दर्ज की।
खिलाड़ियों के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए जिलाधिकारी द्वारा निम्नलिखित विशेष पुरस्कार बांटे गए:
मैन ऑफ द मैच अभिषेक कुमार
बेस्ट बैट्समैन : रवि शंकर कुमार (संयुक्त राज्य कर आयुक्त)
बेस्ट बॉलर: इशांत कुमार।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी सेवा की व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच ऐसे खेल आयोजन मानसिक स्फूर्ति और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। इस तरह के आयोजनों से जिला प्रशासन और बैंकिंग सेक्टर के अधिकारियों व कर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और टीम भावना को मजबूती मिलती है।
इस रोमांचक मैच को देखने के लिए दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, भारी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे थे।
रिपोर्ट – रिम्मी कौर











Users Today : 11
Users This Year : 23953
Total Users : 36546
Views Today : 11
Total views : 71827