सकलडीहा चंदौली
सकलडीहा कस्बे में व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन के समय भारी वाहनों (नो-एंट्री क्षेत्र) के अवैध प्रवेश से बढ़ रही दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता व व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सोनी ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस कप्तान को ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान और नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की।
मुलाकात के दौरान कृष्णा सोनी ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकर्षित किया। बाजार के मुख्य बाजारों और रिहाइशी इलाकों में सुबह से लेकर रात तक भारी ट्रकों, डंपरों और कंक्रीट मिक्सर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। अनियंत्रित गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन हो रहे सड़क हादसों पर अंकोष लगाया जाए।
तय समय सीमा (नो-एंट्री टाइमिंग) के बाद भी मुख्य चौराहों पर पुलिस चेकिंग को और सख्त किया जाए, ताकि प्रतिबंधित समय में ये वाहन प्रवेश न कर सकें। भारी वाहनों को शहर के भीतर आने देने के बजाय बाहरी बायपास रास्तों से मोड़ने के लिए सख्त हिदायत और बोर्ड लगाए जाएं। चर्चा के दौरान विगत दिनों हुई दुर्घटना में महिला की मौत की चर्चा भी की गई तथा जब तक रोड निर्माण कार्य पूर्ण ना हो इन भारी वाहनों पर रोक यथावत जारी रहे इसके बारे में भी जानकारी दी।
वहीं उन्होंने कहा कि अगर समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो हम सभी लोग उग्र आंदोलन तथा धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी। शिकायत और जनहित की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभावी कदम उठाने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि यातायात विभाग (ट्रैफिक पुलिस) को सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ भारी जुर्माने और जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मुलाकात के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सेठ, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि, तहसील अध्यक्ष सतीश जायसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार सेठ, उपाध्यक्ष रत्नेश कुमार गुप्ता के साथ कई स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल का समर्थन किया और जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई।










Users Today : 16
Users This Year : 17057
Total Users : 29650
Views Today : 17
Total views : 58742