शहाबगंज, (चंदौली)
शहाबगंज थाना के नवागत प्रभारी निरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को थाने पर पत्रकारों से संवाद करते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सड़क हादसों पर नियंत्रण और अपराध मुक्त माहौल स्थापित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भारतमाला परियोजना से जुड़े मार्गों पर ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार हाईवा के संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन, चोरी, अवैध शराब कारोबार तथा असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों एवं शराब भट्टियों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने वालों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को नियमित गश्त, रात्रि चक्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के निर्देश दिए जा रहे हैं। गांव-गांव पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
नवागत थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर शहाबगंज क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ कार्य किया जाएगा।










Users Today : 67
Users This Year : 23678
Total Users : 36271
Views Today : 138
Total views : 71241