ज्वेलर्स शॉप में लूट का प्रयास विफल, पुलिस मुठभेड़ में शातिर लुटेरा घायल, असलहा-नकदी बरामद

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली चकिया

पुलिस ने ज्वेलर्स शॉप में दिनदहाड़े लूट का प्रयास कर रहे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर लुटेरे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस, लूटी गई नकदी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

27 मई 2026 की शाम थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्स पर तीन युवक पल्सर मोटरसाइकिल संख्या BR45U3038 से पहुंचे। दुकान संचालिका पूजा देवी पत्नी गोलू सोनी उर्फ मनोज कुमार उस वक्त दुकान पर अकेली थीं। एक युवक ने गमछे से चेहरा ढक रखा था, जबकि दो के चेहरे खुले थे।

पहले एक युवक ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी दिखाने के बहाने मोलभाव करने लगा। इसी बीच गमछा बांधे युवक ने दुकान का शटर गिरा दिया। तीनों ने मिलकर लॉकर की चाबी छीनने की कोशिश की। दो बदमाशों ने कट्टा और पिस्टल दिखाकर पूजा देवी को धमकाया और कैश बॉक्स से करीब 5000 रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।

पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से पकड़े गए बदमाश

पूजा देवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पास के बैंक में मौजूद चकिया पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया, जबकि एक बदमाश फरार हो गया।

तलाशी में आरोपियों के पास से चांदी की सिकड़ी, बिक्री के 1600 रुपये, एक अवैध असलहा, एक कारतूस और पल्सर बाइक बरामद हुई। थाना चकिया में मु0अ0सं0 138/2026 धारा 309 BNS एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

निशानदेही पर ले जाते समय पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ में घायल हुआ लुटेरा
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव से पूछताछ की। मनीष ने बताया कि उसने खुद को व्यापारी दिखाने के लिए अपना .315 बोर का अवैध असलहा और 2 कारतूस अलग जगह छिपाए थे। साथियों के पास पहले से असलहे थे।

पुलिस टीम मनीष को लेकर राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे छिपाए गए असलहे की बरामदगी के लिए गई। वहां मनीष ने अचानक पहले से लोड असलहे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनीष के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पूछताछ में कबूला: बिहार भागने की थी योजना

गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव पुत्र संतोष कुमार यादव, निवासी ग्राम गोडसर, थाना रामगढ़, जिला कैमूर, बिहार और एक बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया कि गिरोह ने पहले से चकिया क्षेत्र की ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की थी।

प्लान के मुताबिक एक साथी को ग्राहक बनकर दुकानदार को उलझाना था, जबकि बाकी दो को असलहे के दम पर लूट करनी थी। लूट के बाद तीनों बिहार भागने वाले थे, लेकिन वादिनी के शोर और पुलिस के समय पर पहुंचने से मंसूबे नाकाम हो गए।

क्या-क्या बरामद हुआ:

1. एक अवैध असलहा .315 बोर
2. 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस
3. लूटी गई नकदी
4. चांदी की सिकड़ी
5. घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल BR45U3038

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि फरार तीसरे अभियुक्त की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह व चकिया पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, थाना चकिया मय टीम

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई