वाराणसी (सेवापुरी):
आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) को लेकर वाराणसी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर चौकी परिसर में आयोजित हाई-प्रोफाइल पीस कमेटी बैठक में गोमती जोन की तेजतर्रार और सख्त छवि वाली डीसीपी “लेडी सिंघम” नीतू कादयान ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
डीसीपी नीतू कादयान की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं और क्षेत्रीय संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बकरीद को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना रहा।
सड़क पर नमाज़ पर सख्त रोक, जरूरत पड़ी तो दो पालियों में होगी इबादत
बैठक के दौरान डीसीपी नीतू कादयान ने बेहद स्पष्ट और कड़े तेवर में कहा कि सड़क पर किसी भी कीमत पर नमाज़ अदा नहीं की जाएगी। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों और धर्मगुरुओं से अपील की कि यदि किसी मस्जिद या ईदगाह में अधिक भीड़ होती है तो दो शिफ्टों में नमाज़ की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन और यातायात प्रभावित न हो।
प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर जीरो टॉलरेंस
डीसीपी ने साफ चेतावनी दी कि बकरीद के दौरान किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ कानून का पालन करना भी सभी की जिम्मेदारी है। माहौल खराब करने या नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तय है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक पोस्ट, भ्रामक संदेश या अफवाह फैलाने की कोशिश न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते हालात नियंत्रित किए जा सकें।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया शांति बनाए रखने का संकल्प
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समुदायों से गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव, बीडीओ राजेश सिंह तथा नायब तहसीलदार दीपाली मौर्य समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा क्षेत्र के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909