आजमगढ़।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की थार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 50 वर्षीय शमशाद उर्फ गुड्डू पुत्र फरियाद की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं 18 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र हरिश्चंद्र का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी फरिहां बाजार में तेज रफ्तार थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक शमशाद उर्फ गुड्डू के तीन बेटे हैं। उनकी पत्नी की छह साल पहले मौत हो चुकी है। पत्नी के निधन के बाद से बच्चों का पालन-पोषण क्षेत्र के समाजसेवी और यश पब्लिक स्कूल के संचालक विजय यादव कर रहे हैं।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार थार चालक की तलाश की जा रही है।










Users Today : 8
Users This Year : 17792
Total Users : 30385
Views Today : 8
Total views : 60263