– भीषण भिड़ंत: पुल से उतरते वक्त पिकअप ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे, मौके पर मची चीख-पुकार।
वाराणसी :- धर्मनगरी काशी में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे से दहल उठी। सरैया-सारनाथ मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक और एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब एक पिकअप वाहन पुल से नीचे की ओर उतर रहा था। उसी समय पुराने पुल की तरफ जा रहे ऑटो से पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार यात्री सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों और घायलों का विवरण
हादसे में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर जीवन यापन करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऑटो चालक और अन्य घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

आरोपी चालक पुलिस की गिरफ्त में
घटना की सूचना मिलते ही जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को गिरफ्तार कर लिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को बहाल कराया गया।
एसओ जैतपुरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ है। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।









Users Today : 52
Users This Year : 12452
Total Users : 25045
Views Today : 124
Total views : 49561