
घोषणा के दो दशक बाद भी पूरी नहीं हो सकी राजातालाब रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग
वाराणसी: राजातालाब, सरकारें बदली-जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के राजातालाब की समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ।
वाराणसी-प्रयागराज मुख्य रेलखंड पर अवस्थित राजातालाब रेलवे स्टेशन का रेलवे फाटक (समपार-13) यहां के लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। जाम की समस्या से जूझ रहे
राजातालाबवासियों को हर सरकार में ओवरब्रिज बनवाने का सिर्फ़ आश्वासन मिला लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। दो दशक पहले पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिंहा व एक साल पहले एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और धर्मेंद्र राय द्वारा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज/ अंडरब्रिज बनवाए जाने की घोषणा भी अबतक हवाई साबित हुई। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार ज़िम्मेदारानो सहित अपने सांसद पीएम मोदी और सीएम योगी तक रेलवे क्रासिंग की समस्या को उठाया है।
बाजार के बीच यहां फाटक के स्थित होने के चलते दिन भर में यह करीब चालीस से अधिक बार बंद होता है। जिला, तहसील, ब्लॉक मुख्यालय व पूर्वांचल की सबसे बड़ी सब्ज़ी व गल्ला मंडी सहित आधा दर्जन से अधिक बैंक जाने के लिए रेलवे क्रॉसिंग से निकलना मुसीबत से कम नहीं है। अक्सर एक साथ कई ट्रेनों के गुजरने से लंबे समय तक फाटक बंद रहता है। गंभीर मरीजों की जान पर बन आती है। कई बार स्कूली बच्चों की गाड़ियां कड़ी धूप व बारिश में घंटो रेलवे क्रॉसिंग के जाम में फंसी रहती हैं।

यहां के लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग लगभग हर पार्टी के जनप्रतिनिधि से की लेकिन आज तक किसी ने समस्या का समाधान नहीं हो सका। एमएलसी धर्मेंद्र राय ने ओवरब्रिज की मांग को एक साल पहले वाराणसी दौरे पर आए सीएम योगी के सामने उठा चुके हैं। इसके बावजूद सरकार की तरफ से सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए।
सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता, अधिवक्ता हरीओम दुबे, प्रधान अनिल मोदनवाल, सुनिल यादव, हर्ष पांडे, अधिवक्ता शिवम् पांडे, कन्हैया जायसवाल, बबलू पटेल आदि ने पंचकोसी मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज, अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग की है।











Users Today : 41
Users This Year : 12279
Total Users : 24872
Views Today : 132
Total views : 49190