गाजीपुर
करंडा क्षेत्र स्थित कटारिया गांव में हुए पत्थरबाजी कांड और निशा विश्वकर्मा की मौत के बाद राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल को गांव का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया है, जिससे प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि अखिलेश यादव दोपहर करीब 1 बजे पीड़ित सियाराम विश्वकर्मा के परिवार से मुलाकात करेंगे और घटना की जानकारी लेंगे। इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।

अखिलेश यादव को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसके चलते प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले सपा के एक प्रतिनिधिमंडल को गांव में ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था, जहां दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई थी। इस घटना में पुलिसकर्मी और पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए थे। मामले में अब तक दर्जनभर लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
इस दौरे से गाजीपुर की राजनीति में और हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला









Users Today : 0
Users This Year : 24080
Total Users : 36673
Views Today :
Total views : 72083