मीरजापुर।गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को विद्युत विभाग द्वारा गर्मी के मौसम में बढ़ते विद्युत भार (लोड) एवं विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रातःकालीन (मॉर्निंग) विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान उपखंड क्षेत्र तेलियागंज, पक्की सराय, डंकिनगंज, पंसारी टोला, पैरिया टोला, हरना की गली, दुर्गा देवी, बड़ी माता आदि के अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में संचालित किया गया।
गर्मी के कारण विद्युत की मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे वितरण तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा यह विशेष कार्रवाई की गई, ताकि अनधिकृत विद्युत उपयोग एवं ओवरलोडिंग को रोका जा सके और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर विद्युत चोरी/अनियमित उपभोग के मामले पकड़े गए। संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने एवं जुर्माना निर्धारित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उपखंड अधिकारी दीपक पटेल ने बताया कि विद्युत चोरी एवं अनधिकृत लोड बढ़ाना न केवल राजस्व की हानि करता है, बल्कि ट्रांसफार्मर एवं लाइन पर अतिरिक्त भार डालकर आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।
जनसामान्य से अपील की जाती है कि वे स्वीकृत लोड के अनुसार ही विद्युत का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।
विद्युत विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
उपखंड अधिकारी दीपक पटेल, अवर अभियंता प्रमोद कुमार एवं अन्य लाइन स्टाफ विद्युत वितरण उपखंड जंगीरोड मौजूद रही।









Users Today : 103
Users This Year : 24045
Total Users : 36638
Views Today : 218
Total views : 72034