बनारस रेल इंजन कारखाना के लिए आज का दिन भावनात्मक रहा, जब बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव को पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स के प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव के रूप में नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के अवसर पर बरेका परिवार द्वारा उन्हें हार्दिक शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई।
प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने श्रीवास्तव को स्मृति-चिह्न स्वरूप रेल इंजन का आकर्षक मॉडल भेंट कर उनके भारतीय रेल के प्रति योगदान और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानपूर्वक स्मरण किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत सहित उपस्थित सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीवास्तव के उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।
आईआरएसईई 1988 बैच के अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने 22 जनवरी 1990 को भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं। अपने दीर्घ और उल्लेखनीय सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक क्षमता, तकनीकी दक्षता तथा नेतृत्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। श्रीवास्तव ने प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, बरेका के अतिरिक्त मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर , गोरखपुर, मुख्य विद्युत इंजीनियर/कंस्ट्रक्शन, गोरखपुर, सीईडीई गोरखपुर, मंडल रेल प्रबंधक आगरा, जीजीएम (इलेक्ट्रिक) डीएफसीसीआईएल तथा डायरेक्टर (पीएस एवं ईएमयू), लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
अपने कार्यकाल के दौरान उनके व्यापक अनुभव एवं दूरदर्शी नेतृत्व से बरेका ने उत्पादन, गुणवत्ता एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद सदस्य श्रीकांत यादव,नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह एवं अमित कुमार ने भी भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का समापन सुशील कुमार श्रीवास्तव के प्रति सम्मान एवं उनके उज्ज्वल मंगलकामनाओं के साथ हुआ।











Users Today : 120
Users This Year : 23911
Total Users : 36504
Views Today : 275
Total views : 71772