चंदौली शहाबगंज क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात एक कांस्टेबल पर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार और धमकी देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि डायल 112 पर तैनात एक कांस्टेबल सिपाही अक्सर शराब के नशे में क्षेत्र में घूमता है और लोगों के साथ गाली-गलौज करता है। इतना ही नहीं, विरोध करने या सवाल उठाने पर लोगों को जान से मारने तक की धमकी देता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कांस्टेबल का व्यवहार इतना दबंगई भरा हो गया है कि आम लोग उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी डरने लगे हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि जब उससे शिकायत करने की बात कही जाती है तो वह खुलेआम कहता है— “जहां मन करे वहां शिकायत कर दो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के व्यवहार से क्षेत्र में पुलिस की छवि भी धूमिल हो रही है और लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उनका कहना है कि यदि इस मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता में कानून व्यवस्था और पुलिस के प्रति विश्वास बना रह सके।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 0
Users This Year : 23791
Total Users : 36384
Views Today :
Total views : 71497