अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों के 1500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वर्ष 2021 में लिखित परीक्षा में प्रश्न के उत्तर को लेकर मामला कोर्ट में जाने से भर्ती लटक गई थी। शासन ने हाईकोर्ट के निर्देश के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। शासन के इस आदेश से परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। संयुक्त सचिव बेसिक शिक्षा वेद प्रकाश राय ने इस संबंध में स्कूली शिक्षा महानिदेशालय को निर्देश भेज दिया है। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2021 में हुई लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्त प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापकों के पदों पर भर्ती की जाए।
भर्ती में मान्यता प्राप्त (जूनियर हाईस्कूल) अध्यापकों की भर्ती एवं सेवा की शर्तें नियमावली-1978 (सातवां संशोधन) नियमावली-2019 में दी गई व्यवस्था और वर्तमान में आरक्षण के नियमों का पालन किया जाए। भर्ती में विधिक पहलुओं का परीक्षण कर चयन किया जाए। फरवरी 2025 में हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। इसे आधार पर शासन ने आदेश दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। करीब 1250 सहायक अध्यापकों और 250 प्रधानाध्यापकों के पदों को भरा जाना है। वर्ष 2021 में हुई लिखित परीक्षा में करीब 40 हजार अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। अब इन सभी से आवेदन लेकर मेरिट पर भर्ती की जाएगी।









Users Today : 9
Users This Year : 24089
Total Users : 36682
Views Today : 10
Total views : 72093