वाराणसी।
कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री के बड़े मामले में वाराणसी पुलिस ने ₹25,000 के इनामी बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी और कूट रचित जीएसटी बिल व ई-वे बिल के जरिए करीब ₹2 करोड़ की अवैध खरीद-फरोख्त को अंजाम दिया।
टेंगरा मोड़ से गिरफ्तारी
पुलिस ने ढूंढ राज पुलिया के पास टेंगरा मोड़ से मनोज कुमार यादव (₹25,000 इनामी) और लक्ष्य यादव को दबोचा। जांच में सामने आया कि दोनों ने मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल की फर्म “शैली ट्रेडर्स” के माध्यम से भारी मात्रा में “न्यू फैंसीडील” कफ सिरप की खरीद-बिक्री की।
1,26,000 सीसी कफ सिरप की डील
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शैली ट्रेडर्स, रांची (झारखंड) से करीब 1,26,000 सीसी कोडिन युक्त कफ सिरप खरीदी थी। यह माल वाराणसी की सप्तसागर दवा मंडी में सप्लाई दिखाया जाता था, लेकिन असल में इसे तस्करी के जरिए बाहर भेज दिया जाता था।
फर्जी बिल बनाकर पूरे नेटवर्क को संचालित किया जाता था। तस्करी का समय और स्थान बेहद गोपनीय रखा जाता था, जिसकी जानकारी सिर्फ शुभम जायसवाल, दिवेश जायसवाल, अमित जायसवाल समेत चुनिंदा लोगों को ही होती थी।
अवैध कमाई से खरीदी 5 प्रॉपर्टी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध धंधे से अर्जित रकम से आरोपियों ने पांच अलग-अलग स्थानों पर करीब ₹3 करोड़ की संपत्ति खरीदी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा और अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई संभव है।











Users Today : 12
Users This Year : 18173
Total Users : 30766
Views Today : 12
Total views : 61122