आजमगढ़।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर सक्रिय ‘चेन कटर गैंग’ का GRP आजमगढ़ ने पर्दाफाश कर दिया है। यात्रियों के बैग की चेन ब्लेड से काटकर जेवरात और नकदी उड़ाने वाले चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 1,60,000 रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3,25,000 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई रेलवे पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल बलिया के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन अपनी टीम के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पूर्वी छोर पर कुछ संदिग्ध लोग सस्ते दामों में सोने के आभूषण बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों—
* नदीम शाह उर्फ चिंटू (गजहड़ा, मुबारकपुर)
* नसरुद्दीन शाह (बीबीगंज, दीदारगंज)
मो. अजीम (गजहड़ा, मुबारकपुर)
* हरिशचंद्र कुमार (दामोदरपुर, मुबारकपुर)
को मौके से दबोच लिया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों में घूमकर उन बैगों को निशाना बनाते थे जिनमें ताला या लॉक लगा होता था। मौका मिलते ही बैग की चेन ब्लेड से काटकर कीमती सामान निकाल लेते और अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते। चोरी के जेवरात राह चलते लोगों को बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।
महिला यात्री बनी थी शिकार
गिरफ्तार आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री के बैग से बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, हार, झुमका, तीन अंगूठियां, पायल, छोटी बाली, नथुनी और 28 हजार रुपये नकद चोरी करने की वारदात कबूल की है। कुछ जेवरात वे पहले ही बेच चुके थे, जबकि बाकी बेचने की फिराक में थे।
इस मामले में थाना जीआरपी आजमगढ़ में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से रेलवे क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर बड़ा अंकुश लगेगा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276