वाराणसी।
जिलाधिकारी*सत्येंद्र कुमार* की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सख्त रुख देखने को मिला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए
डीएम ने स्पष्ट आदेश दिया कि आशा कार्यकर्ताओं समेत एनएचएम के सभी कर्मियों का मानदेय होली पर्व से पहले हर हाल में भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जाए।
आयुष्मान कार्ड की सुस्ती पर फटकार, ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस
आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर एवं मिसिरपुर के चिकित्सा अधीक्षकों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की खराब प्रगति पर ब्लॉक काशी विद्यापीठ एवं चोलापुर के संबंधित ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन बाधित करने का आदेश दिया गया।
रैंकिंग में दूसरा स्थान, लेकिन आंकड़ों की होगी जांच
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश हेल्थ एक्सपोर्ट रैंकिंग में वाराणसी जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है और 15 में से 8 सूचकांकों में प्रथम स्थान हासिल है।हालांकि डीएम ने स्पष्ट कहा कि उपलब्धि तभी सार्थक है जब आंकड़े प्रमाणिक हों।
टीबी नोटिफिकेशन रेट और फोर एएनसी (चार प्रसव पूर्व जांच) की शत-प्रतिशत उपलब्धि की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बीएचयू में मातृ मृत्यु पर कड़ी जांच के आदेश
Banaras Hindu University में हुई मातृ मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य एवं मैटरनल कंसल्टेंट पूनम गुप्ता को विस्तृत जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया।
एमडीआर (मातृ मृत्यु समीक्षा) के अंतर्गत बीएचयू में हुई सभी मौतों की ऑडिट रिपोर्ट अगली बैठक में पेश करने तथा ट्रांजिट मृत्यु का अलग से विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
एनआरसी बेड ऑक्यूपेंसी और ई-रुपी सेवा पर नाराजगी
ई-रुपी वाउचर के तहत अल्ट्रासाउंड सेवाएं संचालित न होने पर असंतोष व्यक्त किया गया।एनआरसी में 55% बेड ऑक्यूपेंसी रेट पर नाराजगी जताते हुए अगली बैठक तक शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आरबीएसके और सबल काशी पोर्टल पर फोकस
आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों तथा सबल काशी पोर्टल पर पंजीकृत 461 बच्चों के शीघ्र उपचार के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
स्पष्ट संदेश:
होली से पहले मानदेय भुगतान, आयुष्मान में तेजी, मातृ मृत्यु पर जवाबदेही और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता—डीएम ने साफ कर दिया है कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी











Users Today : 19
Users This Year : 18180
Total Users : 30773
Views Today : 22
Total views : 61132