चंन्दौली बबुरी जनपद चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हादसा सामने आया, जहां विवाह समारोह के लिए जा रही दूल्हे की लग्जरी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव से बारात बबुरी कस्बे के एक लॉन में पहुंच रही थी। इसी दौरान दूल्हा पवन कुमार प्रजापति को लेकर जा रही कार बबुरी कस्बे के पास संतुलन खो बैठी और सीधे गहरे पोखरे में समा गई। कार में दूल्हे समेत चार लोग सवार थे।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए दूल्हा और अन्य सवार गहरे पानी में तैरकर किनारे पहुंच गए। बारात में शामिल लोगों ने तत्काल मदद कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
दूल्हे के पिता रामनरेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। मना करने के बावजूद उसने लापरवाही बरती, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
इस दुर्घटना में दूल्हे का करीब 75 हजार रुपये का स्मार्टफोन, सोने की चैन और अंगूठी पानी में खो गई।
बबुरी के प्रभारी थानाध्यक्ष विभूति नारायण राय ने बताया कि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- अलीम हाशमी










Users Today : 23
Users This Year : 18184
Total Users : 30777
Views Today : 34
Total views : 61144