गाजीपुर, 25 फरवरी 2026– जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम लुदर्स कान्वेन्ट बालिका इंटर कॉलेज, शास्त्रीनगर स्थित परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कक्ष तथा परीक्षा कक्षों का गहन निरीक्षण करते हुए स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में हर हाल में नकलविहीन परीक्षा कराई जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करते पाया गया तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिन परीक्षा केंद्रों पर नकल कराते हुए पाया गया, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे और इसका कड़ाई से पालन कराया जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कंप्यूटर एवं फोटो कॉपी की दुकानों को भी परीक्षा अवधि में बंद रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। संबंधित प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से संचालित रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक विद्यालय में स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा की सतत निगरानी की जा रही है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 128
Users This Year : 23919
Total Users : 36512
Views Today : 283
Total views : 71780