वाराणसी।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में तथा एडीसीपी महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में जनपद वाराणसी में 30 दिवसीय स्टूडेंट पुलिस एक्सपिरेंशियल लर्निंग प्रोग्राम (SPEL) 3.0 का भव्य शुभारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम 14 फरवरी से जिले के कुल 18 थानों में एक साथ संचालित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के संज्ञानात्मक, व्यवहारिक एवं लोक कौशल को विकसित करना है, ताकि वे पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें और कानून व्यवस्था की बारीकियों से परिचित हो सकें।
SPEL 3.0 के अंतर्गत छात्रों को कानून एवं आपराधिक प्रक्रिया, अपराध अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी, कानून व्यवस्था और जनसुनवाई जैसे विषयों पर इंटर्नशिप आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया है तथा प्रत्येक चयनित थाने में एक-एक उपनिरीक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
शनिवार को स्पेल प्रोग्राम के तहत छात्र-छात्राओं ने एडीसीपी महिला अपराध के कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में प्रतिभाग कर यह जाना कि पुलिस अधिकारी किस प्रकार जनता की समस्याएं सुनते हैं, उनका समाधान करते हैं और तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी समय प्रबंधन के साथ ड्यूटी निभाते हैं।
यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का माध्यम बनेगा, बल्कि उन्हें यह भी समझाएगा कि पुलिस किस तरह चुनौतियों और दबाव के बीच भी जनता से संवेदनशील व्यवहार करते हुए समाज की सेवा करती है।









Users Today : 56
Users This Year : 23998
Total Users : 36591
Views Today : 156
Total views : 71972