वाराणसी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इसे लेकर जनपद वाराणसी में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष वाराणसी में 92 हजार परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। इनके लिए जिले भर में 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे परीक्षार्थी बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर लिया गया है। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी पहले ही केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में स्थित स्टेशनरी और फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। यदि कहीं से नकल या किसी अन्य अनियमितता की सूचना मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।








Users Today : 63
Users This Year : 24143
Total Users : 36736
Views Today : 177
Total views : 72260