वाराणसी। गणतंत्र दिवस 2026 पर काशी एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी दृश्य का साक्षी बनने जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी इस वर्ष महिला सशक्तिकरण की थीम पर भव्य परेड आयोजित करने जा रहा है, जिसमें नारी शक्ति, साहस और अनुशासन की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन पहुंचकर तैयारियों का गहन निरीक्षण किया और आयोजन को गरिमामय, अनुशासित और प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए।
नारी शक्ति केंद्र में, परेड में दमदार झांकियां
इस भव्य परेड में महिला सशक्तिकरण आधारित झांकियां शामिल होंगी। साथ ही महिला ब्लैक कमांडोज़ और महिला घुड़सवार टुकड़ी भी मार्च करती नजर आएंगी, जो नारी शक्ति के आत्मविश्वास और साहस का प्रतीक होंगी।

महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान में विशेष आयोजन
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर परेड कमांडर, महिला शक्ति केंद्र की प्रभारी महिला उप निरीक्षक और वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में 26 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे पुलिस आयुक्त के आवास पर सम्मान भोज आयोजित किया जाएगा।इसी दिन शाम 7 बजे परेड में शामिल महिला पुलिसकर्मियों के लिए फिल्म “Border-2” का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे उनका उत्साह और मनोबल और बढ़े।
देशभक्ति के संग महिला सशक्तिकरण का संदेश
कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश केंद्र में रहेगा। नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक और सशक्त संदेश देने की तैयारी है।
ड्रिल, अनुशासन और सुरक्षा पर सख्त फोकस
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ड्रिल, टर्न-आउट, अनुशासन और आचरण का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि परेड के दौरान गरिमा और अनुशासन के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस लाइन परिसर की समग्र समीक्षा
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, आवासीय क्षेत्रों की स्वच्छता, निर्माणाधीन कार्यों, नवनिर्मित म्यूजियम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था और प्रवेश-निकास प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लाइन वैभव बांगर, एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, एडीसीपी/एसीपी लाइन डॉ. ईशान सोनी, ACP (U/T) मानसी दहिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।काशी इस गणतंत्र दिवस पर नारी शक्ति के गौरव और सम्मान का भव्य संदेश देने को पूरी तरह तैयार है।










Users Today : 34
Users This Year : 6372
Total Users : 18965
Views Today : 135
Total views : 37547