प्रदेश में सिपाही और समकक्ष पदों पर होने वाली सीधी भर्ती में पीएसी के बीते चार साल के रिक्त पदों को भरा जाएगा। पीएसी में वर्ष 2022 से लगातार पद रिक्त होते जा रहे थे, जबकि भर्तियां नहीं हो रही थी। सर्वाधिक 8540 रिक्त पद वर्ष 2022 के रिक्त हैं। इन भर्तियों के बाद पीएसी बल मजबूत होगा, जिससे कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
बता दें
कि उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें पीएसी के 15,131 रिक्त पद भी शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ, बदायूं और गोरखपुर में बनी पीएसी की महिला वाहिनियों के लिए भी 2282 पदों पर पहली बार महिलाओं की भर्ती होनी है। वहीं विशेष सुरक्षा बल में सिपाही के 1341 रिक्त पद बीते पांच वर्षों से रिक्त चल रहे थे। इसके लिए अब पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
300 अंकों की ऑफलाइन परीक्षा होगी
अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने के बाद बोर्ड द्वारा 300 अंकों की ऑफलाइन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटा होगी। हालिया भर्तियों में करीब 40 लाख आवेदन आने की वजह से परीक्षा चार दिन में आठ पालियों में आयोजित की जा सकती है, हालांकि इस बाबत अंतिम फैसला ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद लिया जाएगा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता और मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता से संबंधित 150 सवाल पूछे जाएंगे।











Users Today : 4
Users This Year : 23946
Total Users : 36539
Views Today : 4
Total views : 71820