दो दिन से लापता राहुल की संदिग्ध मौत, जांच जारी
चन्दौली अलीनगर
थाना क्षेत्र के बिछड़ी वार्ड नंबर 5 में रविवार शाम एक युवक का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। मृतक की पहचान 26 वर्षीय राहुल पुत्र रमेश के रूप में हुई, जो टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
राहुल दो दिन पहले नारायणपुर में ईख (गन्ना) लेने गया था, जिसके बाद से वह लापता था। शनिवार सुबह से ही उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। झाड़ियों में संघर्ष के निशान, मिट्टी में खून के छींटे और टोटो के टायरों के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राहुल की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। उनका कहना है कि राहुल मुगलसराय से कुछ सवारियों को लेकर गया था और संभवतः उन्हीं लोगों ने लूटपाट के दौरान उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी।
इस घटना को लेकर गांव में चिंता का माहौल है। परिजनों ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया था, हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 67
Users This Year : 23678
Total Users : 36271
Views Today : 138
Total views : 71241