स्कूलों में लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर

परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को करंजाकला क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय हरदीपुर में प्रधानाध्यापक सकीना खातून बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने और स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए चावल का नमूना भी लिया। रसोई में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा विद्यालय के कंप्यूटर को क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही दीक्षा ऐप का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक विद्यालय हरदीपुर में अधिकांश बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिले। जिलाधिकारी ने इस पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक विद्यालय पाल्हामऊ में शिक्षिका कुसुम द्विवेदी अनुपस्थित मिलीं। डीएम ने बच्चों से बातचीत कर उनके शैक्षिक स्तर की जानकारी ली और शिक्षण व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कमियों को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यालयों में पठन-पाठन, अनुशासन और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

रिपोर्ट – सुरेश कुमार शर्मा

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई