प्रयागराज
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने बुधवार को निदेशक, इलाहाबाद संग्रहालय के रूप में संग्रहालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न गैलरियों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित कलाकृतियों, संग्रहालय की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लेने के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि संग्रहालय की करीब 90 प्रतिशत कलाकृतियां वर्तमान में रिजर्व में संरक्षित हैं। इस पर मंडलायुक्त ने प्राचीन एवं ऐतिहासिक महत्व की कलाकृतियों, विशेष रूप से पुराने स्टोन स्कल्पचर्स को चरणबद्ध तरीके से आम लोगों के लिए प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझ सके। उन्होंने हर तीन माह में थीम के अनुसार प्रदर्शित कलाकृतियों में बदलाव करने के निर्देश दिए, जिससे संग्रहालय आने वाले दर्शकों को हर बार कुछ नया देखने को मिले।
मानसून प्रदर्शनी में दिखेगी स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा
निरीक्षण के दौरान नेचुरल हिस्ट्री गैलरी में पक्षियों से संबंधित पुराने संरक्षित नमूनों और अवशेषों का भी अवलोकन किया गया। मंडलायुक्त ने अत्यधिक पुराने हो चुके और नियमानुसार प्रतिस्थापित किए जा सकने वाले नमूनों के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
मानसून को देखते हुए 25 अगस्त तक मानसून प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें शहर के स्थानीय कलाकारों की मानसून विषयक पेंटिंग्स प्रदर्शित की जाएंगी। फोटो प्रदर्शनी को भी इसमें शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए ऑन-द-स्पॉट ऑयल एवं कैनवस पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि युवाओं में कला और संग्रहालय के प्रति रुचि बढ़े।
पटना और बेंगलुरु के संग्रहालयों से लिया जाएगा अनुभव
मंडलायुक्त ने इलाहाबाद संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए देश के प्रमुख संग्रहालयों की कार्यप्रणाली एवं नवाचारों का अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने पटना और बेंगलुरु के विश्वस्तरीय संग्रहालयों से प्रेरणा लेकर विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके लिए पटना संग्रहालय की टीम को आमंत्रित कर अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
मेगा क्लीनिंग ड्राइव और सोशल मीडिया प्रचार पर जोर
मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को संग्रहालय परिसर के अंदर और बाहर मेगा क्लीनिंग ड्राइव चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मानसून के मद्देनजर आवश्यकतानुसार पेड़ों की छंटाई और अन्य अनुरक्षण कार्य भी प्राथमिकता से कराने को कहा।
उन्होंने संग्रहालय की गतिविधियों, प्रदर्शनियों और उपलब्धियों का सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इलाहाबाद संग्रहालय से जुड़ें और इसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।











Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 76
Total views : 71179