बरेका एवं वाराणसी नगर निगम के बीच वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन एवं लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु सेवा समझौते पर हस्ताक्षर

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) एवं वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप बरेका टाउनशिप में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन लागू करने के लिए दो महत्वपूर्ण सेवा समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की गरिमामयी उपस्थिति में बरेका की ओर से उप मुख्य इंजीनियर साकेत तथा वाराणसी नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सेवा समझौता प्रपत्रों का आदान-प्रदान किया।

प्रथम समझौते के अंतर्गत वाराणसी नगर निगम बरेका के डंप साइट पर वर्षों से संचित लीगेसी वेस्ट का बायो-रेमेडिएशन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण करेगा। द्वितीय समझौते, जिसकी अवधि एक वर्ष है,

के अंतर्गत बरेका टाउनशिप से प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जाएगा। बरेका निर्धारित डस्टबिनों में कचरे का संग्रह करेगा, जबकि वाराणसी नगर निगम निर्धारित मासिक सेवा शुल्क पर उसके परिवहन एवं प्रसंस्करण का कार्य करेगा।

यह पहल जीरो-लैंडफिल (Zero-Landfill) लक्ष्य की प्राप्ति, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत वाराणसी के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दोनों संस्थानों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी सतत अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर सहित बरेका एवं वाराणसी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —