मीरजापुर
बसही स्थित सेमफोर्ड स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नेतृत्व अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, को-ऑर्डिनेटर्स एवं स्काउट बैंड द्वारा अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने स्वागत संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता नहीं, बल्कि जिम्मेदार और आदर्श नागरिकों का निर्माण करना है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों से अनुशासन और विद्यालय की परंपराओं को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
समारोह में कक्षा 1 से 12 तक के क्लास प्रीफेक्ट्स को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों का बोध कराया गया। इसके बाद चारों हाउसों – व्योम, अग्नि, सलिल और पृथ्वी के कैप्टन और वाइस कैप्टन को सैश एवं बैज से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी नृत्य, अंग्रेजी लघु नाटिका और कविता ने खूब सराहना बटोरी।
विद्यालय के निदेशक विवेक बरनवाल ने कहा कि नेतृत्व किसी पद का नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और उत्तरदायित्व का पर्याय है। निदेशिका शिप्रा बरनवाल ने विद्यार्थियों को टीम भावना और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण छात्र परिषद के सदस्यों – डिसिप्लिन, स्पोर्ट्स, सीसीए, हेड बॉय, हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन एवं वाइस कैप्टन्स को सैश व बैज पहनाकर सम्मानित करना रहा। सभी नव-मनोनीत सदस्यों ने विद्यालय और राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अनुशासन और सेवा-भाव की शपथ ली। हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने सभी को विश्वास दिलाया कि वे विद्यालय की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
अंत में मिडिल विंग को-ऑर्डिनेटर संगीता शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।










Users Today : 10
Users This Year : 23706
Total Users : 36299
Views Today : 13
Total views : 71279