मीरजापुर
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के तत्वावधान में जनपद के माध्यमिक शिक्षकों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने 15 सूत्री मांग पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया, साथ ही जनपदीय समस्याओं से संबंधित अलग मांग पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा और समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दी।
धरने को संबोधित करते हुए प्रांतीय संरक्षक डॉ. श्याम नारायण तिवारी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ के संस्थापकों ने अपने संघर्ष और बलिदान से शिक्षकों को दासता से मुक्त कराकर सेवा सुरक्षा और वेतन वितरण अधिनियम जैसे अधिकार दिलाए।
पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर पांडेय ने कहा कि पेंशन का कोषागार से भुगतान, केंद्रीय शिक्षकों के समान वेतनमान, मृतक आश्रितों की एलटी ग्रेड में नियुक्ति जैसी उपलब्धियां 1956 में संघ के गठन के बाद संघर्ष से मिली हैं।
मंडलीय अध्यक्ष रमेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि सरकार शिक्षक विरोधी कार्य कर रही है। अप्रैल 2005 से पुरानी पेंशन छीन ली गई है और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 में पूर्व चयन बोर्ड की धारा 12, 18 एवं 21 को निरस्त कर शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के साथ षड्यंत्र किया गया है।
मंडलीय मंत्री डॉ. रविशंकर ओझा ने कहा कि पुरानी पेंशन तत्काल बहाल की जाए। इस दौरान धरना स्थल पर ‘एनपीएस गो बैक’ के नारे लगे।
प्रमुख मांगें
1. पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल की जाए। 2. शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 में धारा 12, 18 व 21 को पुनर्स्थापित किया जाए। 3. आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर माध्यमिक विद्यालयों में लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियमित भर्ती की जाए। 4. अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाए। 5. भ्रष्टाचार रोकने के लिए शिक्षा विभाग में सिटीजन चार्टर लागू किया जाए।
6. 1 अप्रैल 2014 से नियुक्त शिक्षकों को सामूहिक जीवन बीमा से आच्छादित किया जाए। 7. व्यावसायिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों को विषय विशेषज्ञों की भांति रिक्त पदों पर समायोजित किया जाए। 8. स्थानांतरण प्रक्रिया में एनओसी की अनिवार्यता समाप्त कर ऑफलाइन-ऑनलाइन स्थानांतरण किया जाए। 9. 50 प्रतिशत डीए को मूल वेतन में जोड़कर वेतन निर्धारण एवं कोरोना काल में फ्रीज डीए व नगर प्रतिकर भत्ते का भुगतान किया जाए। 10. शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में न लगाया जाए और ग्रीष्मावकाश में जनगणना में लगे कर्मियों को उपार्जित अवकाश दिया जाए।
11. वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी ने नगर प्रतिकर भत्ता और स्थानांतरण की मांग उठाई, जबकि जिला मंत्री संजय सिंह ने पुरानी पेंशन से आच्छादित शिक्षकों के एनपीएस में कटे अंश को ब्याज सहित जीपीएफ खाते में स्थानांतरित करने की मांग की।
महिला उपाध्यक्षा सुधा गुप्ता ने आदर्श इंटर कॉलेज अदलहाट, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, हिंदू बालिका इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन भुगतान, एरियर एवं पेंशन से जुड़ी जनपदीय समस्याओं के तत्काल निस्तारण की मांग की।
धरने को प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य रविंद्र नाथ, जगदीश मिश्रा, मनोज सिंह, उपाध्यक्ष पवन उपाध्याय, कोषाध्यक्ष विनोद विश्वकर्मा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर कृपाशंकर चतुर्वेदी, संदीप सिंह, गोपाल जी पांडेय, अशोक कुमार द्विवेदी सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
धरना स्थल पर पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित ने ज्ञापन लेकर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। धरने का समापन जिलाध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी के अध्यक्षीय भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276