हेल्थ एटीएम एक सप्ताह में होगा चालू, अस्पताल का इंतजार बरकरार

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

शहाबगंज

क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे के बीच शहाबगंज में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर अब भी कई सवाल खड़े कर रही है। लंबे समय से बंद पड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हेल्थ एटीएम मशीन को एक सप्ताह के भीतर चालू कराने की पहल हुई है।

क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से दूरभाष पर वार्ता कर मशीन को जल्द संचालित कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, बसपा सरकार के कार्यकाल में बनकर तैयार कराया गया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सका है। अस्पताल के संचालन की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाए गए, जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठाई और शासन-प्रशासन तक मामला पहुंचाया गया, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल के दरवाजे अब तक मरीजों के लिए नहीं खुल सके हैं।

शुक्रवार को भाजपा नेता प्रेम नारायण सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विधायक से मुलाकात कर पीएचसी में स्थापित हेल्थ एटीएम मशीन के लंबे समय से खराब पड़े होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशीन बंद होने से क्षेत्रीय मरीजों को त्वरित जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस पर विधायक ने तत्काल सीएमओ से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर मशीन को चालू कराने के निर्देश दिए।

हेल्थ एटीएम मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को वजन, लंबाई, बीएमआई, बॉडी फैट, तापमान, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर, पल्स रेट, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल और यूरिक एसिड समेत कई जांचों की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा ईसीजी, फेफड़ों की कार्यक्षमता, आंखों की रोशनी, कलर ब्लाइंडनेस, मूत्र एवं गर्भावस्था परीक्षण सहित विभिन्न जांच की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है।

इससे मरीजों को त्वरित जांच और चिकित्सकों को उपचार में सहूलियत होगी।

लेकिन क्षेत्रवासियों का सबसे बड़ा सवाल आज भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर है। वर्षों पहले भवन बनकर तैयार हो गया, लोगों ने अस्पताल शुरू कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया, जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठाई, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र अब तक शुरू नहीं हो सका। अस्पताल शुरू होने की आस लगाए बैठे ग्रामीणों का इंतजार अब निराशा में बदलने लगा है।

लोगों का कहना है कि जब भवन तैयार है और क्षेत्र को इसकी जरूरत है तो आखिर इसके संचालन में इतनी देर क्यों हो रही है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि शहाबगंज और आसपास के गांवों के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों की दौड़ न लगानी पड़े।

विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि शहाबगंज क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम मशीन को लेकर सीएमओ से वार्ता की गई है और एक सप्ताह के भीतर इसे चालू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा नेता प्रेम नारायण सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विधायक के त्वरित हस्तक्षेप पर आभार जताया।

 

रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —