वाराणसी, 31 जुलाई। राधा किशोर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इनर व्हील क्लब सेंट्रल वाराणसी, प्लान इंडिया, मोगली ट्रस्ट तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं समाज को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने चित्रकला एवं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण के महत्व को आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में प्रदर्शित संदेशों और कलाकृतियों की उपस्थित अतिथियों ने सराहना करते हुए छात्राओं के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या साधना राय द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिरक्षण अधिकारी श्वेत कुमार सिंह एवं डॉ. अदिति सिंह ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता, उचित आयु में टीकाकरण के लाभ तथा इससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर एचपीवी टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी सहायता मिलती है।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब सेंट्रल वाराणसी की अध्यक्षा नीमा अग्रवाल ने बालिका स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं प्लान इंडिया के प्रतिनिधि अनुराग एवं रिया ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या साधना राय ने सभी सहयोगी संस्थाओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, अतिथियों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही।
इसअवसर पर मुख्य रूप से सर्वश्री डॉ. अदिति सिंह,श्वेत कुमार सिंह,साधना राय,नीमा अग्रवाल,अनुराग,रिया इत्यादि उपस्थित रहे।
Riport roshni










Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 88
Total views : 71191