वाराणसी
अगर आप एटीएम से पैसे निकालने के बाद लापरवाही बरतते हैं, तो सतर्क हो जाइए। वाराणसी कमिश्नरेट की भेलूपुर पुलिस ने ऐसे छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों का ध्यान भटकाकर प्लेट लगाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹39,800 नकद, चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप और एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भेलूपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके रुपये चोरी करता था। मामले में थाना भेलूपुर पर मुकदमा संख्या 0447/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 303(2) तथा बढ़ोतरी धारा 317(2) के अंतर्गत दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त
आदर्श कुमार (24 वर्ष), थाना मलवां, जनपद फतेहपुर
सचिन कुमार (18 वर्ष), थाना मलवां, जनपद फतेहपुर
अभय राजपूत (21 वर्ष), थाना मलवां, जनपद फतेहपुर
राजकुमार (19 वर्ष), थाना मलवां, जनपद फतेहपुर
हिमांशु सिंह (20 वर्ष), थाना हथगाम, जनपद फतेहपुर
प्रिंस कुमार (19 वर्ष), थाना मलवां, जनपद फतेहपुर
बरामदगी
₹39,800 नकद
4 लोहे की प्लेटें
1 सफेद टेप
1 काले रंग का मोटा कागज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त प्रिंस कुमार के खिलाफ फतेहपुर और वाराणसी में पहले से भी इसी प्रकार के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
भेलूपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। यदि कोई व्यक्ति आपका ध्यान भटकाने की कोशिश करे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसी सावधानी ही इस तरह की वारदातों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।










Users Today : 36
Users This Year : 23647
Total Users : 36240
Views Today : 92
Total views : 71195