चंदौली
राजभवन घेराव कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता,जिला महासचिव रमेश पांडेय और वरिष्ठ नेता गुलाब गुप्ता को पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि प्रशासन ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए यह कार्रवाई की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उन्हें मंगलवार रात से ही घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। उनके अनुसार, छात्रों से जुड़े मुद्दों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने राजभवन घेराव समेत कई कार्यक्रम तय किए थे। उनका आरोप है कि इन्हें विफल करने के उद्देश्य से कांग्रेस नेताओं को पहले ही घरों तक सीमित कर दिया गया।
दीनदयाल नगर शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि सरकार विपक्ष के शांतिपूर्ण विरोध से भी घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन सरकार इस अधिकार का भी दमन कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। साथ ही पूरे मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए और प्रधानमंत्री छात्रों व देशवासियों से माफी मांगें। पार्टी का कहना है कि छात्रों के हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।










Users Today : 70
Users This Year : 23681
Total Users : 36274
Views Today : 145
Total views : 71248